शीतला माता मंदिर हादसा: घायलों से मिले CM मोहन यादव, बोले— दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई...
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सांसद भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने घटना में हुई जनहानि को दुखद बताते हुए कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा और जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस की मदद भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच के निर्देश दिए जा चुके हैं और कार्रवाई भी की गई है। घायलों की स्थिति में सुधार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।