नगर निगम की विकास प्रदर्शनी से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री, शहर के प्रमुख प्रोजेक्ट्स की ली जानकारी
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में निगम द्वारा लगाई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन
यमुनानगर।
जगाधरी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी द्वारा शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता अभियानों और भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों की सराहना की और अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों, मास्टर ड्रेन डाटा, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन), आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसायकल) वाहन, स्वच्छ भारत मिशन की गतिविधियों तथा अन्य जनहित से जुड़े मॉडलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मॉडल का बारीकी से अवलोकन किया और शहर को स्वच्छ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
महापौर सुमन बहमनी एवं नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मुख्यमंत्री को शहर की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तावित रिवर वाटर फ्रंट, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम एवं ओपन एयर थियेटर, नगर निगम के नए कार्यालय भवन, हमीदा पार्क के विकास, जलभराव की समस्या के अगले 50 वर्षों तक स्थायी समाधान के लिए तैयार की गई मास्टर ड्रेनेज योजना सहित अन्य विकास परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं में रुचि दिखाते हुए इनके सामाजिक एवं शहरी विकास पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा की।
प्रदर्शनी के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने स्वच्छता मॉडल, कचरा पृथक्करण की प्रक्रिया, आरआरआर वाहन की कार्यप्रणाली तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी मुख्यमंत्री को विस्तार से अवगत कराया। मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल तथा निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने भी विभिन्न मॉडलों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने नगर निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए विकास एवं स्वच्छता अभियानों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, महापौर सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री कंवर पाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार तथा अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन - नगर निगम द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य।