Dear Sir, Please make some space in your newspapers for this note.
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का यमुनानगर में सर्च ऑपरेशन - नार्को डॉग 'लियो' के साथ संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान, नशे के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी
यमुनानगर, 25 जुलाई 2026। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) द्वारा राज्यभर में नशा तस्करों एवं नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री सृष्टि गुप्ता, आईपीएस के नेतृत्व में ब्यूरो की अंबाला यूनिट ने जिला यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस अभियान के दौरान अंबाला यूनिट के निरीक्षक श्री महरूफ अली के नेतृत्व में टीम ने नार्को डॉग "लियो" एवं डॉग हैंडलर हेड कांस्टेबल सचिन के साथ थाना छप्पर क्षेत्र स्थित रविदास मंदिर के पीछे खाली पड़े खंडहरों, सुनसान कमरों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य ऐसे स्थानों की पहचान करना था, जहां असामाजिक तत्व नशीले पदार्थों का सेवन अथवा अवैध गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास कर सकते हैं।
तलाशी अभियान के दौरान टीम ने सभी संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान कोई भी मादक पदार्थ अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे सर्च ऑपरेशन का उद्देश्य केवल बरामदगी करना ही नहीं, बल्कि नशा तस्करों एवं नशे से जुड़े असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना तथा उन्हें अवैध गतिविधियों से दूर रखना भी है।
निरीक्षक श्री महरूफ अली ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई सूचना हो तो वे बिना किसी भय के हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508, मानस राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 अथवा www.ncbmanas.gov.in के माध्यम से सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।