मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से 6 माह के मासूम अदीप को मिला नया जीवन, मुंबई में हुई सफल सर्जरी
सिंगरौली 6 जून 2026/ मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी कड़ी में सिंगरौली जिले के ग्राम खिरवा टोला निवासी महज 6 माह के मासूम बालक अदीप साहू को सफल हृदय सर्जरी के बाद नया जीवन मिला है।
आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से हुई इस सफल सर्जरी के बाद अब मासूम पूरी तरह स्वस्थ है और उसका परिवार बेहद खुश है। जानकारी के अनुसार, खिरवा टोला निवासी विजय प्रसाद साहू के 6 माह के पुत्र अदीप साहू की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय बैढ़न लेकर पहुंचे थे। यहाँ पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.पी. पटेल द्वारा गहन जाँच करने पर बच्चे में हृदय रोग की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण का तत्काल राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत पंजीयन कराया गया। इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर की अनुशंसा पर बच्चे को उच्च स्तरीय सर्जरी हेतु त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.आर.सी.सी. चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल, मुंबई भेजा गया।
मुंबई के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मासूम अदीप की सफल हृदय सर्जरी की गई। बेहतर इलाज और डॉक्टरों की देखरेख के बाद बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है। इस सफल उपचार पर बच्चे के पिता श्री विजय प्रसाद साहू ने भावुक होकर मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की इस मदद से ही उनके बच्चे की जान बच सकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत जिले के गंभीर बीमार बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी है।
Singrauli, Madhya Pradesh | Jun 6, 2026