मिशन शक्ति फेज-6.0: राजगीरपुर में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी
गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत रविवार को दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के राजगीरपुर गांव में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। थाना एएचटीयू के उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र पटेल और थानाध्यक्ष दुल्लहपुर दीपक पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनजीओ एवं वन स्टॉप सेंटर के सहयोग से ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, बाल अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया।
गोष्ठी में महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की जानकारी दी गई। साथ ही थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की उपयोगिता भी बताई गई।
बच्चों को गुड टच-बैड टच की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच के अंतर को सरल भाषा में समझाया गया। उन्हें किसी भी असहज परिस्थिति या शोषण की आशंका होने पर अपने माता-पिता अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विवाह और बालश्रम के खिलाफ किया जागरूक
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प दिलाया। बालश्रम को कानूनन अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को मजदूरी के बजाय शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित किसी भी अपराध की शिकायत बिना डर के नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन पर दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष दीपक पाल, उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र पटेल, उपनिरीक्षक बदरूज्जमा, आरक्षी निर्मेश प्रजापति, आरक्षी सूर्य प्रकाश गुप्ता, महिला आरक्षी रिचा बाजपेई और महिला आरक्षी अंजली मिश्रा सहित पुलिस टीम मौजूद रही। सामाजिक संस्था रोजा एनजीओ के संजय सिंह तथा वन स्टॉप सेंटर/चाइल्ड लाइन की प्रियंका प्रजापति ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
#Ghazipur #गाजीपुर #MissionShakti #मिशनशक्ति #MissionShaktiPhase6 #महिलासुरक्षा #बालसुरक्षा #दुल्लहपुरपुलिस #उत्तरप्रदेशपुलिस #महिलासशक्तिकरण #बालअधिकार #राजगीरपुर #GhazipurPolice #पत्रकारराहुलपटेल
Chandauli, Chandauli | Oct 18, 2026