#भरतपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीग रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है। करीब 15.24 करोड़ रुपये की लागत से इस स्टेशन को बेहद आधुनिक, सुंदर और यात्री-अनुकूल बनाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक (आगरा) गगन गोयल के मार्गदर्शन में मथुरा-अलवर रेलखंड पर स्थित इस स्टेशन के भवन का नवीनीकरण करने के साथ ही आकर्षक प्रवेश-निकास द्वार, नए प्लेटफॉर्म शेड, व्यवस्थित पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि स्टेशन अब अपने नए और सुविधासंपन्न स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों के सफर को सुगम बनाने के लिए स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, बेहतर लाइटिंग और 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों की सहूलियत का विशेष ख्याल रखते हुए स्टेशन पर टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले काउंटर, विशेष वाटर बूथ, व्हीलचेयर और लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।