बहराइच में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, पुलिस ने वाहन व चालक को लिया हिरासत में
कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय मानस, पुत्र श्रवण कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मानस स्कूटी से जा रहे थे, तभी वन विभाग कार्यालय से पानी की टंकी के बीच एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मानस गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं, कोतवाली देहात पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन और चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के पंचवटी होटल के पास का है।