डोटासरा के आरोपों पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का पलटवार, कहा- आरोप सिद्ध कर दें तो इस्तीफा दे दूंगा
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा लगाए गए कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें तथ्यहीन और मनगढ़ंत बताया है। मंत्री ने कहा कि यदि डोटासरा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध कर दें तो वह तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।
किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि 26 मई 2026 को ‘ऑपरेशन डिकॉय’ के तहत सीकर और गोविंदगढ़ के रीको क्षेत्र अनंतपुरा स्थित बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज पर औचक निरीक्षण किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में फंगस लगे कथित नकली मूंगफली बीज जब्त किए गए, बिक्री पर रोक लगाई गई तथा एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद भी नकली बीज बिकने की शिकायत मिलने पर डिकॉय टीम के सदस्य किसान बनकर जानकारी जुटाने में लगे थे। इसी दौरान बीज व्यापारी को संदेह होने पर कथित रूप से साजिश के तहत टीम को एक स्थान पर बुलाया गया और पैसे मांगने का झूठा आरोप लगाकर 20-25 लोगों के साथ मिलकर टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
कृषि मंत्री के अनुसार मामले की जांच पुलिस थाना सदर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीकर तथा एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर की गई। जांच में बीज व्यापारी द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे और तथ्यहीन पाए गए। उन्होंने बताया कि डिकॉय टीम की ओर से पुलिस थाना सदर सीकर में एफआईआर संख्या 204/2026 दर्ज कराई गई है।
मीणा ने कहा कि उनकी टीम किसानों को घटिया और नकली बीज की आपूर्ति रोकने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने डोटासरा पर दुर्भावनावश आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसी के बहकावे में आकर बयानबाजी कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि सीकर जितना डोटासरा का है उतना ही उनका भी है। उन्होंने इस घटना को केवल डिकॉय टीम पर नहीं बल्कि सरकार पर हमला बताया और कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है। साथ ही उन्होंने डोटासरा से हमलावरों का समर्थन नहीं करने की अपील की।
Alwar, Alwar | Jun 7, 2026