नगर निकाय चुनाव - 2026
पीठासीन अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी, पूर्ण संवेदनशीलता के साथ करें कार्य- जिला निर्वाचन अधिकारी
पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण
@followers @top fans News 24 Udaipur
#NikayChunav #election #viralpost #nonfollowers #udaipur #ProTraining
उदयपुर, 31 अगस्त। नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण सोमवार को सुखाड़िया रंगमंच सभागार, दीनदयाल उपाध्याय सभागार एवं पार्षद सभागार में आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
निष्पक्ष निर्वाचन ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन प्रक्रिया सबसे महत्वपूर्ण है और इसकी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर ही लोकतंत्र का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में सभी अधिकारी प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें और निर्वाचन संबंधी प्रत्येक दायित्व एवं प्रक्रिया को पूर्ण संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ निभाएं। निर्वाचन के दौरान भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं से लेकर ईवीएम संचालन तक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा सहित मास्टर ट्रेनरों ने पीठासीन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए मतदान दिवस पर संभावित परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों को मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया तथा विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रेषित की जाने वाली सूचनाओं के संधारण एवं रिकॉर्ड रख-रखाव के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया। इसके साथ ही ईवीएम के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी पहलुओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
Girwa, Udaipur | Sep 1, 2026