जमुई: डॉक्टर शालिनी के क्लीनिक सील करने की कार्रवाई को वापस लेने के लिए IMA ने 24 घंटे की दी चेतावनी
सदर अस्पताल में महिला चिकित्सक के ड्यूटी से गायब रहने के बाद इलाज के आभाव में एक गर्भवती और एक प्रसूता की मौत मामले से जुड़ी डा. शालिनी सिंह की क्लिनिक को जिला प्रशासन द्वारा जांच के बाद सील करने मामले में IMA और जिला प्रशासन आमने- सामने आ गए हैं। आईएमए ने अधिसूचना का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर डा. शालिनी सिंह के क्लिनिक सील की कार्रवाई को वापस नहीं लिया गया तो आईएमए के सदस्य सभी चिकित्सक बुधवार को हड़ताल करेंगे। इसका वीडियो मंगलवार की शाम 4:00बजे सामने आया है।
वहीं आईएमए के सदस्यों ने यह भी कहा कि अगर हड़ताल पर भी बात नहीं बनी तो वेलोग कोर्ट का शरण लेंगे। इस संबंध में आईएमए के सदस्यों ने सिविल सर्जन से मुलाकात कर 03 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना को सौंपा। आईएमए के सदस्यों ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में साफ शब्दों में लिखा है कि कोई भी एमबीबीएस डाक्टर के क्लिनीक को सील करने से पहले नोटिस दिया जाता है। जिसके बाद पहली बार में 10 हजार रूपए का जुर्माना होता है। दूसरी बार 25 हजार रूपए का जुर्माना किया जाता है। लेकिन जिला प्रशासन और सिविल सर्जन की टीम के द्वारा नियम को ताख पर रखकर डा. शालिनी सिंह के क्लिनीक को सील कर दिया है जो कहीं से भी उचित नहीं है। सदस्यों ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर सील नहीं हटाया गया तो वे लोग हड़ताल पर जाएंगे साथ ही अगर बात नहीं बनी तो कोर्ट का भी शरण लेंगे। इस अवसर पर आईएमए के डा. राजीव रंजन, डा. ओम प्रकाश ठाकुर, डा. अनिल कुमार सिंह, डा. मनीषी आनंद, डा. नेहाल, डा. आफताब, डा. मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद थे। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार ने बताया कि अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी। उन्होंने दबे शब्द में सील की कार्रवाई को गलत तो नहीं कहा लेकिन उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना का अध्ययन कर रहे है। तब ही इस मामले में कोई सटीक जानकारी दे सकते है।
Jamui, Jamui | Oct 6, 2026