जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में भू-अर्जन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एनएच-333ए, एनएच-133ई, बदुआ जलाशय, धोरैया–इंग्लिश मोड़–असरगंज पथ परियोजना तथा कांवरिया पथ में निर्माणाधीन जमुआ पुल से संबंधित भू-अर्जन एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एनएच-333ए के संपूर्ण एलाइनमेंट पर भू-अर्जन की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही प्रस्तावित सभी बाईपासों की प्रगति, लंबित मामलों एवं शेष कार्यों की स्थिति की अलग-अलग समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि परियोजना का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ सके।
इसी क्रम में एनएच-133ई परियोजना की भी संक्षिप्त समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने परियोजना से संबंधित लंबित भू-अर्जन मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा आवश्यक समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उनके स्तर पर लंबित सभी मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे विभिन्न अवसंरचनात्मक परियोजनाओं के कार्य समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ सकें।
सिंचाई विभाग से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि भू-अर्जन के अंतर्गत आने वाली वन भूमि से संबंधित मामलों का विस्तृत विश्लेषण कर अगली बैठक में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।
कांवरिया पथ पर निर्माणाधीन जमुआ पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने पुल निर्माण में आ रही समस्याओं एवं अवरोधों का विस्तृत विश्लेषण कर उनके शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
Banka, Bihar | Aug 7, 2026