आज दिनांक 11.08.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केन्द्र, रोहतास में संचालित बास्केटबॉल एवं एथलेटिक्स प्रशिक्षण केन्द्र की व्यवस्थाओं एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा, प्रशिक्षण तथा खेल परिसर की आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में खिलाड़ियों का मासिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने, हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था करने पर चर्चा की गई। खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर थाना स्तर से सुबह एवं शाम नियमित गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों की शिक्षा और खेल प्रशिक्षण के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इसके लिए बच्चों के खेल प्रशिक्षण में शामिल होने के अनुरूप परीक्षा का अलग समय निर्धारित करने पर भी बल दिया गया, ताकि उनकी पढ़ाई एवं खेल प्रशिक्षण दोनों प्रभावित न हों।
खेल परिसर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए खेल मैदान, नाला, फेंसिंग तथा आसपास उगी झाड़ियों एवं पेड़-पौधों की नियमित साफ-सफाई कराने तथा सप्ताह में दो दिन मच्छर लार्विसाइड का छिड़काव कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खिलाड़ियों के लिए पेयजल की समुचित उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया। खेल मैदान में बंद पड़े मोटर की मरम्मत कराकर पेयजल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खिलाड़ियों के लिए आरओ एवं वाटर कूलर की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
आवासीय परिसर में विद्युत वायरिंग एवं विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित एवं दुरुस्त रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने केन्द्र में अनधिकृत रूप से प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं अथवा व्यक्तियों पर रोक लगाने तथा केवल अधिकृत व्यवस्था के तहत ही प्रशिक्षण संचालित कराने को कहा।
खेल मैदान के ट्रैक के समतलीकरण के लिए रोलिंग एवं ग्रेडिंग कराने, बास्केटबॉल कोर्ट एवं फेंसिंग की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक रख-रखाव कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। बैठक में प्रशिक्षण केन्द्र से संबंधित अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से जिले के खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। इसलिए प्रशिक्षण केन्द्र में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं खेल उपकरणों के रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
#IPRD
#Rohtas
#BiharGovernment
#DistrictAdministration
#SportsDevelopment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 11, 2026