*नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत 29 जनजागरूकता कार्यक्रम, 30 हजार से अधिक नागरिक हुए जागरूक*
*नशे के विरुद्ध जनआंदोलन को मिली गति, जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान*
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के मार्गदर्शन में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिलेभर में 29 जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, साप्ताहिक बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर जनजागरूकता रैलियां निकाली गईं, सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा जनसंवाद, पोस्टर एवं पम्पलेट वितरण के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। एलईडी स्क्रीन, एडवर्टाइजिंग बोर्ड तथा कचरा संग्रहण वाहनों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से भी नशामुक्ति संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विद्यालयों एवं ग्राम सभाओं में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणजनों को नशे से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चालकों को नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह, डीएसपी महिला सुरक्षा श्री पुरुषोत्तम मरावी, एसडीओपी डिण्डौरी श्री सतीश द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर नागरिकों से नशे के विरुद्ध सामूहिक जनआंदोलन को सशक्त बनाने की अपील की।
अभियान के माध्यम से जिलेभर में लगभग 30,420 नागरिकों को नशामुक्ति का संदेश देकर जागरूक किया गया। जिला पुलिस ने सभी नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
#SayNoToDrugs
#NasheSeDuriHaiJaruri2_0
#NashamuktMP
#DindoriPolice
#jansampark
#dindori
#spdindori
#collectordindori
16 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 25, 2026