सड़क हादसों पर लगाम के लिए यातायात पुलिस का विशेष अभियान, आवारा गौवंश को पहनाई रेडियम बेल्ट
शाहजहाँपुर, 23 सितंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान रात्रि गश्त के समय सड़क पर बैठे और विचरण कर रहे आवारा गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट बांधी गई।
यातायात पुलिस के मुताबिक, रात के समय कम दृश्यता के कारण सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालकों को समय से दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रेडियम बेल्ट लगने के बाद वाहन चालकों को दूर से ही गौवंश दिखाई दे सकेगा और वे समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सावधानी बरत सकेंगे।
पुलिस का कहना है कि इस पहल से जहां गौवंश की सुरक्षा में मदद मिलेगी, वहीं वाहन चालकों और यात्रियों को भी संभावित दुर्घटनाओं से बचाने में सहायता मिलेगी।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं और रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurPolice #TrafficPolice #TrafficPoliceShahjahanpur #RoadSafety #RoadAccident #Gauvansh #StrayCattle #TrafficAwareness #SafeDriving #UPPolice #सड़कसुरक्षा #शाहजहाँपुर #यातायातपुलिस #आवारा_गौवंश