गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ श्री गणेश महोत्सव का भव्य समापन
शाहजहांपुर। महाराष्ट्र मराठा मंडल द्वारा रामचरण लाल धर्मशाला, खिरनी बाग में आयोजित नौ दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का भव्य समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
महोत्सव के अंतिम दिन नवग्रह आदि का विधिवत विसर्जन किया गया। भगवान श्री गणेश की आरती के बाद श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष लगाए। इसके बाद भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा शाम करीब 4:30 बजे बैंड-बाजों के साथ रामचरण लाल धर्मशाला से प्रारंभ हुई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गर्रा घाट पहुंची। यहां आचार्य पंडित हरकेश शुक्ला ने विधिवत पूजन-अर्चन कराया, जिसके बाद गणेश प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक जल में विसर्जन किया गया।
झांकियां और मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण
शोभायात्रा में रथों पर सुसज्जित भगवान श्री गणेश, भगवान शंकर-पार्वती, मां दुर्गा और अयोध्या दरबार की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। रास्ते में जगह-जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने मटकी फोड़कर जमकर तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता के विजेताओं को समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
डीजे की धुन पर बच्चों ने जमकर नृत्य किया, जबकि श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
सहयोग के लिए जताया आभार
महाराष्ट्र मराठा मंडल ने नौ दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं पत्रकार बंधुओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग से महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
आयोजन टीम
महोत्सव के आयोजन में नीरज वाजपेयी, अनिल कदम, अर्जुन सूर्यवंशी, सुदामा शिंदे, अक्षय कदम, योगेश कदम, आशीष गुप्ता, पिंटू, हर्षित गुप्ता, वंदना कदम, नंदा सूर्यवंशी, रोहित शिंदे सहित समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar