*स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर जिले के शासकीय स्कूल के बच्चों को कराया गया विशेष मध्यान्ह भोजन*
-----
*जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन*
इंदौर 15 अगस्त, 2026
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट आज स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के पश्चात वे शासकीय स्कूल किला मैदान के बच्चों के बीच पहुंचे। यहाँ उन्होंने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को बेग, कम्पास और अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, एमआईसी सदस्य श्री नंदु पहाड़िया, जनपद अध्यक्ष श्री कान्हा पटेल, पार्षद श्री राहुल जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद थे। बच्चों को आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन में विशेष रूप से खीर, पूरी, लड्डू, छोले, पुलाव आदि परोसे गए। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि यह पवित्र दिन हमें अनेक संघर्षों, त्याग, तपस्या और महान बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि हमें आजादी का महत्व समझना चाहिए और देश के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी शक्ति हमारे युवा बेटे-बेटियां हैं। आज का युवा ही भारत का भविष्य है, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि हर समस्या का समाधान शिक्षा है, हर परिवर्तन की बुनियाद शिक्षा है और विकास एवं प्रगति का संकल्प भी शिक्षा से ही पूरा होता है। शिक्षा ही बच्चों के जीवन को नई दिशा देने और उन्हें आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और देश एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बेटियां और बेटे समान रूप से देश के भविष्य के निर्माता हैं। विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #IndependenceDay
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh