पुत्तो उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षकों की कमी, शीघ्र व्यवस्था की मांग
कोडरमा, 12 अगस्त। सदर प्रखंड के चाराडीह पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पुत्तो में मध्य विद्यालय स्तर के योग्य एवं विषयवार शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्राम पुत्तो निवासी प्रकाश यादव ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की पदस्थापना अथवा वैकल्पिक व्यवस्था शीघ्र करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार विद्यालय में करीब 109 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें कक्षा सात में लगभग 16 और कक्षा आठ में करीब 23 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई संचालित होने के बावजूद विषयवार पर्याप्त योग्य शिक्षकों की उपलब्धता नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
प्रकाश यादव ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में चार शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। वहीं पूर्व में कार्यरत एक शिक्षक के सरकारी शिक्षक के रूप में चयन के बाद दूसरे विद्यालय में योगदान देने तथा एक शिक्षक के सेवानिवृत्त होने से शिक्षकों की उपलब्धता और कम हो गई है।
उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यालय की शिक्षक व्यवस्था की स्थलीय जांच कराने, स्वीकृत पदों एवं शिक्षक-छात्र अनुपात की समीक्षा करने तथा कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों के लिए आवश्यक विषय शिक्षकों की पदस्थापना या प्रतिनियोजन करने की मांग की है। स्थायी व्यवस्था होने तक वैकल्पिक शिक्षक उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है।
प्रकाश यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विषयवार शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।