पुरुषोत्तम मास में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, धूमधाम से निकली श्री दुर्गेश्वर नाथ महादेव की पालकी यात्रा
मिर्जापुर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रविवार को करसहटी स्थित दुर्गा देवी मंदिर से भगवान श्री दुर्गेश्वर नाथ महादेव की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए और पूरे मार्ग में "हर-हर महादेव" व "बम-बम भोले" के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा।
सुंदर ढंग से सुसज्जित पालकी में विराजमान भगवान महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों ने भक्तिमय माहौल बना दिया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है और इसी उद्देश्य से पालकी यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। पालकी यात्रा के समापन पर भगवान शिव की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।