💠वर्षा ऋतु से पूर्व नगर पालिका प्रशासन अलर्ट मोड पर
💠जिले को जलभराव से मुक्त रखने युद्ध स्तर पर चल रहा नालों-नालियों की सफाई एवं गहरीकरण अभियान
➡️ आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शहर में जलभराव एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिले भर में नगरीय प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष सफाई एवं गहरीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के सख्त एवं स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में नगर पालिका अमला पूरी सक्रियता और मुस्तैदी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।
कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी छोटे-बड़े बरसाती नालों एवं नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उनके निर्देशों के बाद नगर पालिका की टीमें लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण एवं सफाई कार्य में जुटी हुई हैं।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की समस्या सामने आई थी। ऐसे संवेदनशील इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर नालों की सफाई, गहरीकरण एवं अवरोध हटाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत नालों में जमी गाद, प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य ठोस अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।
सफाई कार्य में मैन्युअल तरीके के साथ-साथ आधुनिक मशीनों एवं संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य आवश्यक उपकरणों के माध्यम से बड़े नालों का गहरीकरण कराया जा रहा है, जिससे वर्षा जल की निकासी तेजी एवं सुचारू रूप से हो सके। इससे सड़कों, बाजार क्षेत्रों एवं रिहायशी इलाकों में पानी भरने जैसी समस्याओं में काफी हद तक कमी आएगी।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। साथ ही सफाई कार्यों की निरंतर समीक्षा कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
➡️प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे नालियों एवं नालों में प्लास्टिक, घरेलू कचरा अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न फेंकें। नागरिकों के सहयोग से ही शहर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। नगरीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जहां कहीं भी जल निकासी में बाधा पाए जाने की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Department of Urban Development & Housing MP