जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर श्रावणी मेला-2026 के दौरान बांका जिला अंतर्गत पड़ने वाले 54 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर कुल 15 सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सूचना केंद्रों के माध्यम से बिछड़े हुए कांवरिया श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसके लिए सभी सूचना केंद्रों पर प्रतिनियुक्त उद्घोषक एवं कर्मी 24×7 आपसी समन्वय स्थापित कर लगातार सार्वजनिक उद्घोषणा कर रहे हैं।
इसी क्रम में खगड़िया जिले के निवासी सूरज कुमार धौरी क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। उनके परिजनों ने शिवलोक सूचना केंद्र पर इसकी सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही शिवलोक सूचना केंद्र द्वारा लगातार उद्घोषणा की गई तथा समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप सूरज कुमार को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिला दिया गया। परिजनों ने जिला प्रशासन के इस त्वरित एवं सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।
एक अन्य मामले में अम्बिका राय (65 वर्ष), निवासी गोपालगंज जिला, अपने साथी बम (निवासी सिवान जिला) के साथ कांवर यात्रा पर थे। अचानक तेज बारिश होने के कारण अम्बिका राय अपने साथी से बिछड़ गए। सूचना मिलने पर अबरखा सूचना केंद्र तथा अस्थायी थाना अबरखा के संयुक्त प्रयास से उन्हें सुरक्षित खोजकर उनके साथी से मिला दिया गया। श्रद्धालुओं ने इस मानवीय एवं त्वरित सहायता के लिए बांका जिला प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Aug 4, 2026