प्रेस विज्ञप्ति
दिनाँक - 13/9/26
जिला - जमुई
============
चकाई प्रखंड में जीविका टीम का क्षेत्र भ्रमण
================
चकाई में समुदाय आधारित संगठनों का क्षेत्र भ्रमण, कार्यान्वित योजनाओं का जायजा लिया
≠===============
डीपीएम जीविका के नेतृत्व में चकाई प्रखंड में जीविका समूहों का निरीक्षण, कर्मियों को दिए निर्देश- दसों प्रखंड में हर माह होगा फील्ड विजिट
==================
जिला परियोजना समन्वयन इकाई जीविका जमुई की टीम द्वारा जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार के नेतृत्व में चकाई प्रखंड़ अंतर्गत सामुदायिक संगठनों का क्षेत्र भ्रमण कर क्रियान्वित योजनाओं का जायजा लिया गया। दौरे की शुरुआत में शनिवार 12 सितम्बर को प्रखंड परियोजना प्रबंधक, चकाई संजीव कुमार द्वारा जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार का अंगवस्त्र व पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके पश्चात डीपीएम संजय कुमार के नेतृत्व में खरीदारी प्रबंधक गणेश कुमार गुंजन, संचार प्रबंधक सुनीता कुमारी और प्रभारी प्रबंधक संस्था निर्माण एवं क्षमता बर्धन अमरेंद्र कुमार ने प्रखंड की पूर्व-निर्धारित पंचायत बामदह, चंद्रमंडी, डाढ़वा और चकाई का सघन दौरा किया गया। इस दौरान सामुदायिक आधारित संगठनों (CBOs) के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों के बही-खातों के रखरखाव, आंतरिक लेनदेन और ऋण पुनर्भुगतान अनुसूची की अद्यतन स्थिति की जाँच की गई।
भ्रमण के दौरान दीदियों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों तथा सुधा बिक्री केंद्र हेतु चयनित दीदियों (किराना दुकान व अन्य व्यापार) का भौतिक सत्यापन किया गया और उनकी कुल वार्षिक आय का जायजा लिया गया। साथ ही, समूहों की सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु सूची तैयार की गई।
क्षेत्र भ्रमण के उपरांत जीविका की प्रखंड इकाई कार्यालय में सभी कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में सभी विषयगत प्रबंधकों ने अपने भ्रमण के अनुभवों को सम्बन्धित कर्मियों के समक्ष साझा किया। इस दौरान डीपीएम संजय कुमार ने सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव देते हुए स्पष्ट किया कि जमुई जिले के सभी प्रखंडों में इस प्रकार का सघन क्षेत्र भ्रमण प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि धरातल पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति से निरंतर संवाद बना रहे।
Jamui, Bihar | Sep 13, 2026