समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 291, दिनांक 11.06.2026
********************************
*उर्वरक की कालाबाजारी पर जिला पदाधिकारी ने सख्त, लापरवाही बरतने वाले को-ऑर्डिनेटर को हटाने का निर्देश*
*****************************
दिनांक 11 जून, 2026 को
जिले में किसानों को समय पर और सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर आज जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद, की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में उर्वरक निगरानी समिति की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और कई कड़े निर्देश दिए गये।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक किसान को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक मिलना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित मूल्य से अधिक पर उर्वरक न बेचें। साथ ही, स्थिति पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से मासिक बैठकें आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने उर्वरक निगरानी समिति के समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) विनय कुमार से पिछले 4 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड मांगा। संतोषजनक उत्तर नहीं देने और कार्य में लापरवाही बरतने के कारण जिला पदाधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से उर्वरक निगरानी समिति से हटाने का निर्देश दिया। साथ ही, पिछली समिति से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज अगले 2 दिनों के भीतर कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। बैठक में जिले में उर्वरक की वर्तमान स्थिति का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। वर्तमान में जिले में यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और एसएसपी का कुल स्टॉक 6123.164 मीट्रिक टन उपलब्ध है। जिले में कुल 249 अधिकृत होलसेलर दुकानें संचालित हैं।
विभागीय कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया गया कि हाल ही में जिले की 60 उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान
4 दुकानदारों से स्पष्टीकरण की मांग की गई , 2 दुकानों की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) स्थायी रूप से रद्द कर दी गई है।
1 दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की सभी उर्वरक दुकानों की सघन जांच करें। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी भी दुकान में अनियमितता पाई जाती है या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित जिले के उर्वरक विक्रेता और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,**
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
18 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 11, 2026