बिलासपुर:-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुखू आज जिला बिलासपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान एम्स बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एम्स में चल रहे विकास कार्यों, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा संस्थान की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स बिलासपुर में नई-नई तकनीकों के आने से चिकित्सा के क्षेत्र में प्रदेश को महत्वपूर्ण लाभ मिल रहा है और संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने एम्स की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री सुखू ने कहा कि एम्स में कुछ दो-तीन कमियां सामने आई हैं और उन्हें उम्मीद है कि संबंधित स्तर पर इनका शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संचालित अन्य मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्थाओं और उनके बेहतर संचालन को लेकर भी आवश्यक स्तर पर सामंजस्य स्थापित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुखू आज बिलासपुर की डमली पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में मछुआरा वर्ग के लिए मुख्यमंत्री सम्मान निधि योजना का शुभारंभ भी करेंगे। इस योजना को मछुआरा समुदाय के कल्याण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Mandi, Mandi | Aug 12, 2026