बिहार सरकार
समाहरणालय, अरवल
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक 25 जून, 2026
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन, युवाओं को नशामुक्त समाज निर्माण का दिया गया संदेश
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25 जून, 2026 को जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था।
जागरूकता रैली का शुभारंभ सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अरवल श्रीमती अतुल कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली जी ए उच्च विद्यालय, अरवल से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए इंडोर स्टेडियम, अरवल तक निकाली गई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त युवा, सशक्त भारत” तथा “स्वस्थ समाज की पहचान, नशामुक्त हो हिंदुस्तान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कैडेटों ने अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण तरीके से रैली में सहभागिता करते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीमती अतुल कुमारी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी सहभागिता बढ़ाएं तथा एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, रैली, शपथ ग्रहण, जनसंवाद एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह जागरूकता रैली समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, शिक्षकगण, भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट तथा अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
अरवल
Arwal, Bihar | Jun 25, 2026