सांदीपनि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता के नए युग का करेंगे सूत्रपात – विधानसभा अध्यक्ष
नई पीढ़ी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – प्रभारी मंत्री श्री वर्मा
जौरा में 31.02 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण
मुंगावली में 1.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का भी हुआ शुभारंभ
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री Narendra Singh Tomar ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के सशक्त केंद्र बनेंगे। इन विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त करने वाली नई पीढ़ी अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों के बल पर प्रदेश एवं देश में मुरैना का गौरव बढ़ाएगी। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर सोमवार को जौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिलगांव में 31 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा भी उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री मनोज कुमार शर्मा ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाकर कठिन परिश्रम करें और अपने परिवार, क्षेत्र, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि पहले शासकीय विद्यालयों की तुलना में निजी विद्यालयों को बेहतर माना जाता था, लेकिन इस सोच को बदलने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने सीएम राइज, पीएमश्री, उत्कृष्ट विद्यालय तथा अब सांदीपनि विद्यालयों की अवधारणा को साकार किया है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा उज्जैन में महर्षि सांदीपनि के गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा से प्रदेशभर में सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जो शिक्षा की गुणवत्ता के नए मानदंड स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि आधुनिक संसाधनों एवं अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वरदान सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहाँ उसकी प्रतिभा को निखरने के समान अवसर मिलें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में इस विद्यालय से भी अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में चयनित होकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालय भवन की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि भवन निर्माण के लिए 31.02 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। लगभग 10,852 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस आधुनिक भवन में स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कम्प्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कला एवं संगीत कक्ष, एनसीसी कक्ष, बहुउद्देशीय हॉल, भोजनशाला, खेल कक्ष, चिकित्सा कक्ष, सम्मेलन कक्ष सहित अन्य आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में खेल मैदान, 200 मीटर रनिंग ट्रैक, बास्केटबॉल एवं खो-खो कोर्ट, सीसीटीवी, पीए सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग, बाउंड्रीवॉल, स्ट्रीट लाइट तथा लैंडस्केपिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, नगर पालिका जौरा के अध्यक्ष श्री माहेश्वरी, दिशा बैठक सदस्य श्रीमती शर्मा सहित विद्यालय का स्टाफ और स्कूली बच्चे मोजूद थे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने 123.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित मुंगावली हायर सेकेंडरी स्कूल के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के पूर्ण होने से ग्रामीण विद्यार्थियों को अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी प्रतिभा को नई दिशा और अवसर प्राप्त होंगे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Department of School Education, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh