सांदीपनि विद्यालयों से शासकीय शिक्षा को मिलेगा उत्कृष्टता का नया आयाम – विधानसभा अध्यक्ष श्री Narendra Singh Tomar
छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अभिनव पहल हैं सांदीपनि विद्यालय – प्रभारी मंत्री श्री वर्मा
सबलगढ़ में 34.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भवन का हुआ लोकार्पण
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सोमवार को सबलगढ़ में 34 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है। सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना से शासकीय विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों के समान आधुनिक संसाधनों से युक्त, गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षा का वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा तथा प्रदेश सरकार की पहल पर मध्यप्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन विद्यालयों का नाम भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि की स्मृति में रखा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 323 सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। मुरैना जिले में 13 सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 8 का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा 5 विद्यालय निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। नेपरी, सिकरौदा एवं अटारघाट जैसे पुलों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सबलगढ़ का सांदीपनि विद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि नवीन विद्यालय भवन आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जहाँ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विज्ञान, तकनीक, कला, खेल एवं व्यावसायिक शिक्षा का समुचित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है और सांदीपनि विद्यालय इस संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण 34 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से लगभग 11,966 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किया गया है।विद्यालय भवन की विशेषताओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि भवन में स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कम्प्यूटर प्रयोगशालाएं, स्टेम लैब, पुस्तकालय, कला एवं संगीत कक्ष, व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, बहुउद्देशीय हॉल, भोजनशाला, चिकित्सा कक्ष सहित विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में सीसीटीवी, पीए सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग, चिल्ड्रन पार्क, बाउंड्रीवॉल, स्ट्रीट लाइट तथा लैंडस्केपिंग जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जिले में विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों को उत्कृष्ट एवं प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। वहीं सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से आधुनिक विद्यालय की जो अपेक्षा थी, वह अब पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि सबलगढ़ में पीएमश्री विद्यालय भी स्वीकृत हो चुका है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बनवारी लाल धाकड़, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता रावत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री सोनेराम धाकड़ सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों ने पौधरोपण किया तथा गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत शिक्षकों का सम्मान भी किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh