अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर निकली जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दैनिक अनोखा तीर, हरदा। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर वन मंडल हरदा द्वारा रविवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिला वनमंडल अधिकारी श्रीमती ज्योति मुड़िया, राजेन्द्र पर्ते, राकेश लहरी एवं ब्लॉक समन्वयक खेल विभाग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली खंडवा बायपास स्थित वन विभाग परिसर से शुरू होकर हनुमान मंदिर, यातायात थाना, जिला पंचायत, मंडी चौक, नेहरू स्टेडियम और सनफ्लावर स्कूल सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वन विभाग कार्यालय पहुंची।
रैली में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए "बाघ की रक्षा कौन करेगा? हम करेंगे, हम करेंगे" और "हम सबका एक ही नारा, पर्यावरण संरक्षण करना" जैसे नारों के माध्यम से वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, यातायात थाना तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य आमजन में बाघों के संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
Harda, Harda | Jul 26, 2026