#भरतपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नदबई के महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विकास अधिकारी सौदान सिंह, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. धारा सिंह और रिटायर्ड जज सतीश कौशिक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक प्रखर भारद्वाज एवं राजवीर सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्रों और आमजन को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार और वृक्षासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और उनके लाभ बताए। योग विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में नियमित योग करने से मानसिक तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कई गंभीर बीमारियों से बचाव होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।