नोहर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 22 एनटीआर, नोहर में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 1 से 12 तक के करीब 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मक सोच एवं कला-कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में रंगांकन, टैटू, थम्ब इंप्रेशन, कोलाज, स्केच, कार्टून मेकिंग, राइटिंग, कैरिकेचर एवं ग्रीटिंग कार्ड सहित विभिन्न कलात्मक गतिविधियां करवाई गईं।
विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर आकर्षक चित्र एवं कलाकृतियां तैयार कर अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह रचनात्मक रंगों से सराबोर नजर आया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती लीला बामनिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों में कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिरुचि का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आयोजन चित्रकला प्रभारी सुरेंद्र सुथार, व्याख्याता, के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को रंगों के संयोजन, चित्रांकन तथा कलात्मक अभिव्यक्ति के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।