➡️शिक्षक दिवस के अवसर पर सांसदगणों एवं विधायक ने किया शिक्षकों को सम्मानित
➡️ इटारसी के भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ शिक्षक सम्मान समारोह
शिक्षक दिवस के अवसर पर इटारसी स्थित कविवर पं. भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में शिक्षक कल्याण संगठन के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदापुरम श्री सीतासरन शर्मा, सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सहभागिता कर क्षेत्र के शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज चौरे, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने उपस्थित शिक्षक साथियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति निरंतर जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के साथ ही उनमें नवाचार, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित करें। सांसद श्री चौधरी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस विकसित भारत के विजन को साकार करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इस पीढ़ी को तैयार करने का दायित्व हमारे शिक्षकों के कंधों पर है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हमारे शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों से ऐसी सशक्त एवं जागरूक पीढ़ी तैयार करेंगे, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगी।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #MadhyaPradesh #narmadapuram