#जिम्मेदार_कुम्भकर्णीय_नींद_में!
भरतपुर। रुपबास कस्बे के व्यस्ततम रेलवे फाटक मार्ग पर नगरपालिका की घोर लापरवाही और घटिया निर्माण का एक और नमूना सामने आया है। जगनेर और चक सामरी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाले के ऊपर हाल ही में डाला गया लोहे का जाल पहली ही परीक्षा में फेल हो गया। ओवरलोड और भारी वाहनों के गुजरते ही यह जाल चंद घंटों में ही टूटकर बिखर गया, जो अब राहगीरों के लिए रोजाना "मौत की घंटी" बजा रहा है। लापरवाही की हद देखिए कि इतने व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में खुले पड़े इस गहरे गड्ढे के पास प्रशासन ने एक साधारण बैरिकेड तक लगाने की जहमत नहीं उठाई है। कान और आंखें बंद करके बैठे जिम्मेदार अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय जनता में इस प्रशासनिक संवेदनहीनता को लेकर भारी आक्रोश है। नागरिकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस जानलेवा नाले की पुख्ता मरम्मत नहीं की गई, तो किसी भी अनहोनी की पूरी जिम्मेदारी सीधे तौर पर सुस्त पड़े नगरपालिका प्रशासन की होगी।