ट्रेन में अवैध यात्रियों ने टीटी का अंगूठा काटा
प्रथम श्रेणी कोच में घुसने से रोकने पर किया हमला, जीआरपी कासगंज में मुकदमा दर्ज
कासगंज। गाड़ी संख्या 19410 के प्रथम श्रेणी (1st AC) कोच में अनधिकृत यात्रियों को प्रवेश से रोकना ऑन-ड्यूटी टीटी मनोज कुमार को भारी पड़ गया। 28 सितंबर 2026 को ड्यूटी के दौरान कुछ यात्रियों ने कोच में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया। टीटी द्वारा उन्हें रोकने पर आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान आरोपियों ने टीटी मनोज कुमार के हाथ के अंगूठे और बांह पर दांतों से काट लिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद तत्काल जीआरपी थाना कासगंज को सूचना दी गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घायल टीटी मनोज कुमार के साथ आरोपियों को भी चिकित्सकीय परीक्षण और प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल कासगंज भेजा गया। घटना से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त कर केस डायरी में शामिल की जा रही है।
पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। उपलब्ध होने पर कोच की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित की जाएगी और घटना के समय मौजूद यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ऑन-ड्यूटी रेल कर्मचारी पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई के लिए जीआरपी से समन्वय किया जा रहा है।
Kasganj, Kasganj | Sep 29, 2026