दस्तक अभियान एवं स्टॉप डायरिया कैंपेन का शुभारंभ
बच्चों को पिलाई गई विटामिन-ए की खुराक
-------
जिले में बाल स्वास्थ्य एवं कुपोषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दस्तक अभियान एवं स्टॉप डायरिया कैंपेन के प्रथम चरण का शुभारंभ मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-68, वार्ड क्रमांक-2, छुई खदान से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजेंद्र खरे, एपीएम जितेंद्र सिंह, आईईसी कंसल्टेंट दीप्ति जैन, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों की घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। दस्त रोग की रोकथाम के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को ओआरएस के दो पैकेट एवं 14 जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान के तहत एएनएम एवं सुपरवाइजर DSS Tool के माध्यम से 5 वर्ष से कम आयु के गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की सक्रिय पहचान करेंगे। चिकित्सीय जटिलता वाले बच्चों को आवश्यकतानुसार रेफर कर संस्थागत उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही दस्त, निर्जलीकरण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से प्रभावित बच्चों की पहचान, उपचार, प्रबंधन एवं रेफरल भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन की कमी से बचाव के लिए आईएफए सिरप भी पिलाया जाएगा।
छतरपुर जिले में 5 वर्ष तक की आयु के लगभग 2,18,947 बच्चों की अनुमानित आबादी है, जिनकी स्क्रीनिंग स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दौरान की जाएगी। अभियान का उद्देश्य बाल मृत्यु दर में कमी लाना, कुपोषण पर नियंत्रण तथा दस्त जैसी बीमारियों से बच्चों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
#chhatarpur