सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने केंद्रीय विद्यालय बड़ामलहरा का किया निरीक्षण
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों से किया संवाद, सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
-------
दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने बड़ामलहरा स्थित केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की गतिविधियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
सांसद श्री लोधी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खराब पड़े पेयजल आरओ को शीघ्र ठीक कराने, टॉयलेट, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं में मौजूद कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उल्लेखनीय है कि नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने के उपरांत विद्यालय का संचालन फिलहाल मॉडल स्कूल भवन में जुलाई माह से अस्थायी रूप से प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल, एसडीएम श्री अखिल राठौर, नायब तहसीलदार संध्या अग्रवाल, नगर परिषद बड़ामलहरा की अध्यक्ष श्रीमती निशा राजे आनंद बुंदेला, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री शशिकांत अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur