बिहानी स्टेडियम में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू
नोहर के कण कण में फुटबॉल छोटु सेवग
नोहर 8 अक्टूबर स्थानीय बिहानी स्टेडियम में गुरुवार को जिला स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक प्रमोद कुमार ने की, जबकि भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटूलाल सेवग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में पत्रकार सुमनलाल ओझा, प्रोफेसर डॉ. रामपाल सिंह, किरयाना व्यापार संघ कू अध्यक्ष पवन कंदोई,रामकुमार सैनी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी रहे विजयकिशोर माहिया, वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी रतन अरोड़ा , कोच जुल्फिकार पठान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर छोटू सेवग ने कहा की नोहर की कण -कण में फुटबॉल रचा और बसा है यहां के फुटबॉल खिलाड़ियों ने अपने खेल को कौशल के दम पर नोहर को राष्ट्रीय वअंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला मारवाड़ फुटबॉल क्लब और किकराली की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में किकराली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मारवाड़ फुटबॉल क्लब को 1-0 से पराजित कर जीत के साथ प्रतियोगिता में आगाज किया। इस अवसर पर सुमनलाल ओझा ने अपने पिता रामकुमार ओझा की स्मृति में जिला स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीम को प्रतिवर्ष ट्रॉफी प्रदान करने की घोषणा की। जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ के सचिव शशिकांत शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ की 18 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम 22 अक्टूबर से माउंट आबू में आयोजित होने वाली राजस्थान स्टेट सीनियर पुरुष फुटबॉल चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।इस दौरान जयकिशन वर्मा, प्रयाग सिंह, अल्ताफ खान, शहजाद खान, नदीम कोच सहित खेलप्रेमी एवं फुटबॉल से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे।