*रक्षाबंधन पर्व को लेकर फतेहाबाद पुलिस ने जिलेभर के बाजारों में की पैदल गश्त*
*– त्योहार की भीड़ को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी*
*– पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर आमजन को दिया सुरक्षित माहौल का भरोसा*
फतेहाबाद, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए फतेहाबाद पुलिस द्वारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाजारों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। फतेहाबाद शहर, टोहाना, रतिया, भट्टू कलां, भुना सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के बाजारों में पुलिस कर्मचारियों ने पैदल गश्त कर दुकानदारों और आमजन से संवाद किया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों में आने-जाने वाले लोगों, दुकानों के आसपास की गतिविधियों तथा प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निगरानी रखी गई। साथ ही बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस टीमों ने दुकानदारों एवं आमजन से अपील की कि वे त्योहार के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों से अपने सामान, मोबाइल फोन, पर्स तथा वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की गई।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा रक्षाबंधन पर्व के दौरान जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने तथा प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फतेहाबाद पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया कि रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न करवाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिलेभर में पुलिस की मौजूदगी एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।
Uklana, Hissar | Aug 27, 2026