विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल में ‘नया भारत गढ़ो’ प्रतियोगिता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
कोडरमा, 28 सितंबर: विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोडरमा में रामकृष्ण मिशन, रांची (मोरहाबादी आश्रम) की ओर से ‘नया भारत गढ़ो’ प्रतियोगिता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों, राष्ट्रनिर्माण, चरित्र निर्माण, भारतीय संस्कृति एवं जिम्मेदार नागरिकता के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में कक्षा 5 से 8, कक्षा 8 से 12, स्नातक एवं समाज के अन्य वर्गों के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। इसके तहत निबंध लेखन, ‘स्वदेश मंत्र’ आवृत्ति तथा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को ब्लॉक एवं जिला स्तर से राज्य स्तर तक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 12 जनवरी 2027, स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये तक दिए जाने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति जिम्मेदार रहने, माता-पिता का सम्मान करने, महिलाओं के प्रति आदर, निर्भयता एवं चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। रामकृष्ण मिशन की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रामकृष्ण मिशन, रांची की वेबसाइट www.rkmranchi.org पर जाकर पंजीकरण करने की अपील की गई।