बरसात में बदहाल कच्ची सड़क से परेशान ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर और श्रमदान कर कराई लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क की मरम्मत
खरौंधी। प्रखंड क्षेत्र के कुपा पंचायत अंतर्गत चौरिया गांव के बैगई टोला के ग्रामीणों ने बरसात में बदहाल कच्ची सड़क से परेशान होकर आपसी सहयोग से चंदा जुटाया और श्रमदान कर लगभग डेढ़ किलोमीटर कच्ची सड़क की मरम्मत कराई।
ग्रामीणों ने चौरिया-पंडा नदी स्थित पीपल के पेड़ से लेकर उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, बैगई चौरिया तक कच्ची सड़क की मरम्मत कराई। बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ हो गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।
ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही के द्वारा पुल का निर्माण तो हो गया, लेकिन पक्की सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण हमलोग परेशान हैं। बरसात के मौसम में कच्ची सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि पैदल चलने वाला व्यक्ति भी उसमें गिर सकता है, जबकि वाहन चलाना तो बेहद मुश्किल है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाया और श्रमदान कर सड़क को आवागमन के लायक बनाने का प्रयास किया। इस कार्य में गांव के ट्रैक्टर मालिकों ने भी अहम भूमिका निभाई। ट्रैक्टर एवं जेसेबी के माध्यम से सड़क पर बालू एवं अन्य सामग्री डालकर उसे समतल किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क गांव के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है। बरसात में सड़क खराब होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि उक्त कच्ची सड़क का जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में ग्रामीणों को हर वर्ष होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।
मौके पर निरंजन पटेल, सतन चौधरी, अरुण पटेल, देवा पटेल, बैद्यनाथ चौधरी, नारद चौधरी, बलराम चौधरी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
Garhwa, Garhwa | Aug 20, 2026