हरदोई: पैरावेट, पशुमित्र, मैत्री और वैक्सीनेटरों ने मासिक मानदेय व समायोजन की उठाई मांग
हरदोई। जनपद के पैरावेट, पशुमित्र, मैत्री एवं वैक्सीनेटरों ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मासिक मानदेय दिए जाने अथवा पशुपालन विभाग में रिक्त पदों पर समायोजित किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वे पशुपालन विभाग के निर्देश एवं अधिकारियों की देखरेख में लंबे समय से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इनमें पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान, ईयर टैगिंग, टीकाकरण, बधियाकरण, भारत पशुधन ऐप पर डेटा फीडिंग तथा गौ आश्रय स्थलों में पशुओं की चिकित्सा, टैगिंग और टीकाकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
पैरावेट एवं पशुमित्रों का कहना है कि विभाग के लिए लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार का मासिक मानदेय या आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि सभी पैरावेट, पशुमित्र, मैत्री एवं वैक्सीनेटरों को उनके कार्य के अनुरूप मासिक मानदेय दिया जाए। साथ ही, पशुपालन विभाग में रिक्त पड़े पदों पर उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर समायोजित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
Hardoi, Hardoi | Jul 25, 2026