भिवानी में सेवा व संस्कार के नए युग का सूत्रपात
भारत विकास परिषद की तीसरी शाखा लाला लाजपत राय का गठन, अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित 45 सदस्यों ने ली शपथ
भिवानी, 11 जुलाई : अग्रणी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी संस्था भारत विकास परिषद का कारवां निरंतर आगे बढ़ते हुए भिवानी नगर में अपनी तीसरी महत्वपूर्ण शाखा के रूप में लाला लाजपत राय शाखा को स्थापित करने में सफल रहा है। नवगठित शाखा की शुरुआत नगर के 45 ऊर्जावान और प्रतिष्ठित नागरिकों की मजबूत सदस्यता के साथ हुई है, जो आने वाले समय में क्षेत्र के भीतर मानवीय मूल्यों के पुनरुत्थान, समाज सेवा और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का दायित्व संभालेंगे।
इस विशेष नवगठित शाखा के दायित्व ग्रहण समारोह का आयोजन स्थानीय रोहतक गेट स्थित एक निजी विद्यालय में हुआ। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ अतिथियों द्वारा पवित्र दीप प्रज्जवलन और संपूर्ण समवेत स्वरों में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम के सुमार्ग गायन से हुआ। इसके उपरांत समारोह में पधारे सभी शीर्ष पदाधिकारियों और अतिथियों का तिलक लगाकर, पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना स्वागत किया गया। प्रांतीय गतिविधि महिला संयोजिका ने रेखा गुप्ता ने वंदे मातरम् का पूरा गीत का गायन किया। इस दौरान उत्तर क्षेत्र-2 के क्षेत्रीय महासचिव राकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट जनों की उपस्थिति में नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, सचिव अंकुर अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष अधिवक्ता गौरव गोयल को उनके पद की मर्यादा, निष्ठा और गोपनीयता की विधिवत शपथ दिलाई। इससे ठीक पूर्व, संगठन की परंपरा का निर्वहन करते हुए क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमलेश गर्ग ने सभी 45 नवनियुक्त सदस्यों को परिषद की गौरवशाली नियमावली के अंतर्गत समाज कल्याण की शपथ दिलवाकर विधिवत रूप से संस्था में शामिल किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने शिरकत की और नई टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं। समारोह के मुख्य वक्ता एवं प्रांतीय अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने भारत विकास परिषद के वैचारिक अधिष्ठान और ऐतिहासिक यात्रा के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्ष 1963 से स्थापित यह संगठन आज पूरे देश में सेवा और संस्कार के अनगिनत प्रकल्पों का संचालन कर रहा है।
इस मौके पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद की तीसरी शाखा के रूप में लाला लाजपत राय शाखा का यह उदय केवल एक नए प्रशासनिक ढांचे का गठन नहीं है, बल्कि यह हमारे प्रबुद्ध समाज की सेवा और राष्ट्र के प्रति अगाध निष्ठा की सामूहिक अभिव्यक्ति है। पंजाब केसरी लाला लाजपत राय का समग्र जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और जन-जन के कल्याण के लिए समर्पित रहा था। उनके अमर आदर्शों को समर्पित यह नई शाखा भिवानी नगर और आसपास के क्षेत्रों में समाज के सबसे पिछड़े, शोषित और वंचित तबके तक मदद की किरण पहुंचाने में अग्रगामी भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर प्रांत की पूरी कार्यकारिणी ने उपस्थित होकर नए पदाधिकारियों को बधाई दी।
45 नव-दीक्षित सदस्यों का यह ऊर्जावान समूह परिषद के पंच-सूत्रों संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण को आत्मसात कर भिवानी में विकास की नई इबारत लिखेगा। नई पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण से बचाकर भारतीय संस्कारों से ओतप्रोत करना और एक स्वस्थ, समर्थ, संस्कारित भारत का निर्माण करना ही हमारा परम लक्ष्य है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने सेवा कार्यों से संपूर्ण प्रांत में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान जिला सममन्वयक राजबीर शर्मा ने कार्यक्रम के अंत ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रांतीय महासचिव रामनिवास वर्मा, जिला समन्वयक भिवानी राजबीर शर्मा तथा जिला सह-समन्वयक अनिल तायल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गौरवपूर्ण गायन के साथ हुआ।