# सावन से पहले डीएम-एसपी ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
**देवरिया, 11 जुलाई।** आगामी सावन माह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने थाना समाधान दिवस में शामिल होने से पूर्व रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। दोनों अधिकारियों ने जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर के महंत से श्रद्धालुओं की संख्या एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और नियमित रूप से उनकी निगरानी की जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने थाना प्रभारी रुद्रपुर को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।