स्वच्छ दिवाली मनाने का संकल्प, बच्चों को सिखाए स्वच्छता के गुर
नगर निगम की स्वच्छता की पाठशाला में विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए किया प्रेरित
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में निगम की एसबीएम टीम द्वारा वार्ड नंबर 16 स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में 'स्वच्छता की पाठशाला' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को घरों में ही कचरे का पृथक्करण करने (सोर्स सेग्रीगेशन), सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और कचरे को सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न डालने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल के महत्व के बारे में बताते हुए अनावश्यक कचरे को कम करने और उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के एक्सपर्ट आकाश कुमार ने विद्यार्थियों को दीपावली पर पटाखों का कम से कम इस्तेमाल करने, मिट्टी के दीये जलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है। यदि बच्चे अपने जीवन में स्वच्छता की आदतों को अपनाएं और परिवार के सदस्यों व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित दीपावली मनाने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान बच्चों ने 'न कचरा फैलाएंगे, न प्लास्टिक अपनाएंगे, स्वच्छ दीपावली मनाएंगे' का संदेश देकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
फोटो कैप्शन - कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी ।