सिंगाधार स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम: विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
चम्बा, 10 जुलाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चम्बा द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगाधार में एक व्यापक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सचिव एवं माननीय वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-एसीजेएम एकांश कपिल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता अश्विनी सिंह ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव और एनडीपीएस अधिनियम, सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन कानून, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध कानून, ऑनलाइन सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, संविधान के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, एंटी रैगिंग कानून, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, सकारात्मक संगति अपनाने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के संसाधन व्यक्ति यशपाल एवं धर्मपाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय, सड़क सुरक्षा नियम, यातायात कानूनों का पालन तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और कानून का सम्मान करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कानूनी विषयों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। अंत में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण तथा संविधान और कानूनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
विद्यालय प्रशासन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा और कार्यक्रम में शामिल सभी संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानूनी समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
#Chamba #LegalAwareness #DLSA #CyberSafety #RoadSafety #DrugFreeIndia #LegalAid #NALSA #StudentAwareness #YouthEmpowerment #Constitution #HimachalPradesh #CyberCrime #SafeInternet #Education
Saach, Chamba | Jul 10, 2026