ध्वाला में मानवता की मिसाल: 8 फुट गहरी होदी में गिरी घायल गाय को साझा रेस्क्यू से बचाया #kangralive
देहरा। पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल ध्वाला गांव में देखने को मिली, जहां करीब आठ फुट गहरी पानी की होदी में गिरी घायल गाय को ग्रामीणों, फायर ब्रिगेड और वेटनरी टीम के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार गाय पिछले 3-4 दिनों से होदी के आसपास घूम रही थी। इसी दौरान अचानक वह करीब आठ फुट गहरी होदी में जा गिरी। हादसे में गाय घायल हो गई और उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि वह खड़ी तक नहीं हो पा रही थी। गहरी होदी में फंसी होने के कारण उसके खुद बाहर निकलने की कोई संभावना नहीं थी।
गाय को होदी में फंसा देखकर गांव के जागरूक लोगों ने तुरंत वार्ड नंबर-7 की पंच कविता आर्य को इसकी सूचना दी। उन्होंने बिना देरी किए ग्रामीणों के साथ फायर ब्रिगेड से संपर्क किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मनरेगा की डिंपल, सुदाम हुसैन, पूर्ण चंद, टेक चंद, रवि और विपिन सहित अन्य ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। फायर ब्रिगेड और वेटनरी टीम ने आपसी तालमेल से सुरक्षित तरीके से गाय को होदी से बाहर निकाला।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी पूरी जिम्मेदारी के साथ रेस्क्यू टीम का सहयोग किया। घायल गाय को बाहर निकालने के बाद उसका उपचार भी करवाया गया। ग्रामीणों के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
कांगड़ा लाइव नेटवर्क | ध्वाला
Kangra, Kangra | Oct 6, 2026