#Balrampur ! जनसुनवाई में एएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी...
भूमि विवाद से साइबर फ्रॉड तक की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, 24 घंटे में साइबर पीड़ितों से संपर्क करेगी पुलिस
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एएसपी ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों से गूगल मीट के माध्यम से संवाद कर शिकायतों की स्थिति जानी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों में समयबद्ध एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर थाना समाधान दिवस के माध्यम से मौके पर पैमाइश कराने तथा विवादों का निस्तारण कराने को कहा गया। वहीं, महिला एवं बालिका उत्पीड़न के मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने और मिशन शक्ति के तहत जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
साइबर ठगी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एएसपी ने साइबर सेल को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर 24 घंटे के भीतर आवेदक से संपर्क कर कार्रवाई शुरू की जाए। संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
एएसपी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
#balrampurpolice #BalrampurPolice
Balrampur, Balrampur | Nov 16, 2026