आज दिनांक 15.06.2026 को शेखपुरा जिला के जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद द्वारा सामाजिक सुरक्षा के पेंशनधारियों के लिए आवश्यक जीवन प्रमाणीकरण करवाने हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाई गई । इसका मुख्य प्रायोजन सामाजिक सुरक्षा के वैसे छूटे हुए पेंशनधारियों को जागरूक करना है, जो अब तक अपना जीवन प्रमाणीकरण नहीं करवाए हैं और जीवन प्रमाणीकरण नहीं करवाए जाने के कारण अस्थाई तौर पर उनकी पेंशन बंद हो चुकी है । विदित हो कि सामाजिक सुरक्षा के सभी पेंशनधारियों को पेंशन सुचारू रूप से प्राप्त होने के लिए जीवन प्रमाणीकरण करवाना अनिवार्य है । जीवन प्रमाणीकरण नहीं करवाने की स्थिति में लाभुक की पेंशन हमेशा के लिए बंद हो सकती है । शेखपुरा जिले में वर्तमान समय में लगभग 75000 पेंशन के लाभुक है, जिनमें से करीब 62500 लाभुकों ने अपना जीवन प्रमाणीकरण करवा लिया है, परंतु करीब 12600 लाभुक ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं करवाया है । जीवन प्रमाणीकरण नहीं करवाए लाभुक करीब 16.8 % है । जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने जनमानस से अपील की है कि ऐसे सभी लाभुकों का अविलंब जीवन प्रमाणीकरण करवाना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें निर्बाध पेंशन प्राप्त होता रहे । विदित हो कि कोई भी लाभुक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर अर्थात सीएससी सेंटर पर जाकर अपना जीवन प्रमाणीकरण करवा सकते हैं।उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त संजय कुमार , अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान एवं सहायक निदेशक श्वेता कौर उपस्थित थे।