चमोली: मूसलधार बारिश के बीच पगनो गांव में तबाही, मलबे में दबे बुजुर्ग दंपती का ग्रामीणों ने किया सफल रेस्क्यू
जोशीमठ/चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में मानसून की शुरुआती बारिश ने भारी कहर बरपाया है। बुधवार रात हुई मूसलधार वर्षा के कारण पगनो गांव के ऊपरी हिस्से में स्थित पुराना भूस्खलन क्षेत्र एक बार फिर सक्रिय हो गया। देखते ही देखते भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गांव के आवासीय क्षेत्र में घुस गए, जिससे कई मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इस आपदा के दौरान सतेश्वर प्रसाद और सीता देवी नामक एक बुजुर्ग दंपती अपने ही घर में आए मलबे के बीच फंस गए। अंधेरे और मूसलधार बारिश की कठिन परिस्थितियों में ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल राहत अभियान शुरू किया और बुजुर्ग दंपती को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भूस्खलन के कारण गांव की उपजाऊ कृषि भूमि और फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।