हर्षोल्लास से संपन्न हुआ जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम
जिला कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
जिला कलेक्टर ने प्रस्तुत किया जिले की विकास गाथा का लेखा-जोखा
स्वतंत्रता व लोकतंत्र सेनानियों और कारगिल शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
शालेय विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभागीय अधिकारी, कर्मचारी हुए पुरस्कृत
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ डीआरपी लाइन में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री किरोड़ी लाल मीना ने पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री किरोड़ीलाल मीना ने स्वतंत्रता व लोकतंत्र सेनानियों और कारगिल शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
समारोह में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री अरविंद सिंह सिकरवार और टू.आई.सी रक्षित श्री नागेश शर्मा ने मार्चपास्ट का नेतृत्व किया, जिसमें एसआई श्री कृष्ण साहू के नेतृत्व में एसएएफ 17 बटालियन, एसआई श्रीमती पूजा दोहरे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल पुरुष, श्रीमती रेखा मिश्रा के नेतृत्व में जिला पुलिस बल महिला, एसआई श्री सौरभ त्रिपाठी के नेतृत्व में होमगार्ड बल, श्री अंकुश शाक्य के नेतृत्व में एनसीसी सीनियर बॉयज, कुमारी वंदना भदौरिया के नेतृत्व में एनसीसी सीनियर गर्ल्स, श्री रोहित भाटिया के नेतृत्व में स्काउट दल, कुमारी नंदिनी के नेतृत्व में गाइड दल, कुमारी लक्ष्मी भदौरिया के नेतृत्व में शौर्य दल और आरक्षक श्री रवि बघेल के नेतृत्व में पुलिस बैंड ने भाग लिया। मुख्य अतिथि ने सभी परेड कमांडर से परिचय प्राप्त किया और हर्ष और शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे छोड़े। कार्यक्रम में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का सजीव प्रसारण एलईडी के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1, शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, संत विवेकानंद स्कूल और किड्स जोन स्कूल ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश: भिण्ड जिले की विकास गाथा’ का वितरण किया गया, जिसमें विगत ढाई वर्षों में जिले की उपलब्धियों का वर्णन है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जन-कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अधोसंरचना के क्षेत्र में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता जन-सेवा और जन-विश्वास से जन-कल्याण की संकल्प साधना का दिव्य अवसर है और जिले के सर्वहारा वर्ग का सर्वोदय ही सरकार का साध्य है। उन्होंने जिलेवासियों का जिले के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
जिले में अधोसंरचना विकास:
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर ने जिले में अधोसंरचना विकास की जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय में 13.52 करोड़ का 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 21 करोड़ का 100 बिस्तरीय एमसीएच तैयार किए गए हैं, 21.45 करोड़ लागत से 33 उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन पूर्ण हुए हैं तथा 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल का निर्माण जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 23 पीएमश्री विद्यालय संचालित हैं, जो एयर-कंडीशंड स्मार्ट क्लासरूम, संगीत एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण से लैस हैं। कनावर, गोहद, अटेर, लहार में 145.59 करोड़ रूपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सांदीपनी विद्यालय तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जून 2027 में पूर्ण होने वाली कनेरा उद्वहन सिंचाई एवं पेयजल योजना से 15,710 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई और 13 गांवों को पेयजल मिलेगा। जून 2026 में 210 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा देने वाला सिमार स्टॉप डैम का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 69.34 करोड़ रूपये की लागत से 76.63 किलोमीटर लंबाई की 24 सड़कों का निर्माण पूर्ण किया गया है। जल जीवन मिशन के तहत जून 2026 तक 2 लाख 21 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं और 530 गांवों को ‘हर घर जल घोषित’ किया जा चुका है। अमृत 2.0 योजना के तहत 1.05 करोड़ रूपये की लागत से गौरी सरोवर जीर्णोद्वार का कार्य जारी है और कायाकल्प 2.0 योजना के अंतर्गत 2.30 करोड़ रूपये की लागत से सरोवर किनारे अधोसंरचना विकास किए जा रहे हैं।
कृषक कल्याण के प्रमुख कार्य:
कलेक्टर ने बताया कि जिले में 3,125 कृषकों द्वारा 1,250 हेक्टेयर में प्राकृतिक खेती अपनाई गई है। 21,839 किसानों को निःशुल्क मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं और फसल बीमा योजनांतर्गत किसानों को 9.40 करोड़ रूपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई। जिले में दुग्ध संकलन में 31% की वृद्धि दर्ज की गई है। क्रियाशील गौशालाओं की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। जिले में 2 लाख 47 हजार से अधिक किसानों की 'फार्मर आईडी' बनाई गई है।
रोजगार के अवसर और आर्थिक प्रगति:
जिला कलेक्टर ने कहा कि विगत वर्ष 12 रोजगार मेलों से 1,353 युवाओं को और हाल ही में 02 युवा संगम के माध्यम से 218 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। करियर मार्गदर्शन योजना से 1,260 युवा लाभान्वित हुए। जिले में वर्ष 2025-26 में 260 नवीन एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुईं, जिनसे 964 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। जिले में 412 नए स्व-सहायता समूहों का गठन किया गया है और वर्तमान में कुल 4,789 समूहों से 51,155 ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं।
सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयास:
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी वर्गों के कल्याण के लिए वृहद कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना में 1 लाख 40 हजार 373 हितग्राहियों को अधिकार पत्र दिए गए। जिले के लगभग 6.31 लाख 92.79% पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 2,652 गर्भवती महिलाओं को लाभ दिया गया है; विगत 15 माह में 3,957 नए परिवारों को खाद्यान्न पर्ची वितरित की गई है, शहरी पथ विक्रेताओं को संबल प्रदान करते हुए 4,133 हितग्राहियों को 9.67 करोड़ रूपये का ऋण वितरित किया गया। पंजीकृत श्रमिकों के परिजनों को सामान्य मृत्यु के 509 प्रकरणों में 10.18 करोड़ रूपये तथा दुर्घटना मृत्यु के 42 प्रकरणों में 1.68 करोड़ रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता योजना के अंतर्गत 762 प्रकरणों में 9.53 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जन-कल्याण शिविर अंतर्गत 48,660 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्रता अनुसार 45,157 आवेदन स्वीकृत कर नागरिकों को तुरंत लाभान्वित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह:
कार्यक्रम में उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए मुख्य अतिथि द्वारा सीनियर वर्ग में पहला स्थान जिला पुलिस बल महिला, दूसरा स्थान जिला पुलिस बल पुरुष और तीसरा स्थान एसएएफ 17 बटालियन को प्रदान किया गया। जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर गर्ल्स ने प्रथम, एनसीसी सीनियर बॉयज ने द्वितीय और स्काउट दल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में संत विवेकानंद स्कूल ने प्रथम और किड्स जोन स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर उत्कर्ष कार्य के लिए शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर डीएफओ भिण्ड, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी/कर्मचारीगण, जनप्रतिनिधिगण, शहीदों एवं लोकतंत्र सेनानियों के परिवारजन, मीडिया बंधु, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#IndependenceDay
#IndependenceDay2026
#भिण्ड
#Bhind
11 views | Bhind, Madhya Pradesh | Aug 15, 2026