#गोंडा! कोबरा के डसने से 3 वर्षीय मासूम की मौत: झाड़-फूंक के भरोसे मऊ ले गए परिजन, सांप पकड़ने पहुंचे सपेरे को भी डसा
#गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के ठाकुरदीन पुरवा में शुक्रवार सुबह कोबरा के डसने से 3 वर्षीय मासूम आयुष की मौत हो गई। घर के बाहर शौच के लिए निकले बच्चे को झाड़ियों में छिपे जहरीले कोबरा ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अयोध्या के श्रीराम हॉस्पिटल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बावजूद अंधविश्वास के चलते परिजन बच्चे को झाड़-फूंक के लिए मऊ ले गए, जहां भी कोई फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार रात करीब 8 बजे पिता अमरजीत बेटे का शव लेकर गांव लौटे, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की गई।
इसी दौरान सुबह सांप को पकड़ने पहुंचे एक सपेरे को भी उसी कोबरा ने डस लिया। हालांकि उसके साथी ने तुरंत कोबरा को पकड़ लिया और घायल सपेरे को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया गया।
घटना के बाद पूरे ठाकुरदीन पुरवा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण बच्चों को घर से बाहर अकेले नहीं निकलने दे रहे हैं।
#gonda #nawabganj #snake
Balrampur, Balrampur | Jul 18, 2026