चित्रकूट में बालू खदान के भारी वाहनों से ग्रामीण बेहाल! एंबुलेंस तक निकलने का रास्ता नहीं!
चित्रकूट जनपद से इस वक्त एक ऐसी तस्वीर सामने आ रही है, जहां खनन से सरकार को राजस्व तो मिल रहा है, लेकिन गांव के लोग अपनी सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
जी हां, हम बात कर रहे हैं चित्रकूट जनपद की ग्राम पंचायत ओरा के डिघरी घाट की, जहां संचालित बालू खदान से निकलने वाले भारी-भरकम ट्रकों ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक साथ 10-10 ट्रक गांव के संकरे रास्तों से गुजरते हैं, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि अगर किसी मरीज को लेकर एंबुलेंस गांव पहुंच जाए, तो उसके निकलने तक का रास्ता नहीं बचता।
सड़कें क्षतिग्रस्त, नालियां टूट चुकी हैं, बिजली के तार टूटकर गिरने का खतरा, और ट्रकों से उड़ने वाली धूल ने ग्रामीणों का खाना-पीना तक मुश्किल कर दिया है। वहीं छोटे-छोटे स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
अब सवाल थाना पहाड़ी पुलिस की भूमिका पर भी उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं, तो समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें उल्टा डांट सुननी पड़ती है। पुलिस मौके पर पहुंचकर ट्रकों को निकलवा देती है, लेकिन ग्रामीणों की समस्याएं वहीं की वहीं रह जाती हैं।
अब सवाल है—
क्या बालू खदान संचालकों के लिए गांव की सड़कें ही ट्रक निकालने का रास्ता बन गई हैं?
क्या ग्रामीणों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण बालू का परिवहन हो गया है?
क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
और सबसे बड़ा सवाल—जब ग्रामीण शिकायत लेकर जाते हैं, तो उनकी सुनवाई क्यों नहीं होती? क्या जनता की समस्या उठाना ही उनका अपराध है?
खनन से राजस्व सरकार को, लेकिन नुकसान गांव की जनता को!
आखिर कब जागेगा जिला प्रशासन? कब मिलेगा ग्रामीणों को सुरक्षित रास्ता? और कब होगी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच?
चित्रकूट के डिघरी घाट से उठ रही यह आवाज अब जिला प्रशासन तक पहुंचनी चाहिए।
ग्राउंड जीरो से जनता की आवाज… सवाल आपका, जवाब जनता का!
Karwi, Chitrakoot | Nov 12, 2026